संवाद सहयोगी, धारूहेड़ा (रेवाड़ी)। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर धारूहेड़ा, राठीवास, बिलासपुर और मानेसर क्षेत्र में जारी बड़े निर्माण कार्यों के चलते आम जनता की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। रोजाना हजारों वाहन लंबे ट्रैफिक जाम में फंस रहे हैं, जिससे लोगों का समय बर्बाद होने के साथ-साथ भारी मात्रा में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी भी बर्बाद रही है।
इस संबंध में गांव खरखड़ा के रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नीतिन गडकरी को पत्र लिखकर मांग की गई है कि जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक संबंधित टोल प्लाजा पर टोल टैक्स अस्थायी रूप से माफ किया जाए।
40 किलोमीटर की दूरी, सफर 50 मिनट का उन्होंने बताया कि धारूहेड़ा से गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक तक लगभग 40 किलोमीटर की दूरी तय में रोजाना 40 से 50 मिनट अतिरिक्त जाम में खड़ा रहना पड़ रहा है। कई बार वाहन घंटों तक रेंगते रहते हैं। इससे नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम यात्रियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। जाम में फंसे वाहनों से प्रतिदिन हजारों लीटर ईंधन व्यर्थ जल रहा है, जो प्राकृतिक संसाधनों की बर्बादी के साथ पर्यावरण प्रदूषण भी बढ़ा रहा है।





